वृन्दावन में धूमधाम से मनाया गया वसंत पंचमी पर्व, निराला व नेताजी को किया गया स्मरण
23 January 2026, 16:14
561 views
General
None | Exclusive Bulletin
वृन्दावन के परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर में वसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्या की देवी माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ महान साहित्यकार सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ एवं स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धा नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती भी मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इस दौरान सत्येंद्र द्विवेदी ने वसंत पंचमी पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व ज्ञान, सृजनात्मकता एवं सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। आचार्या अर्चना ने अतिथि परिचय एवं स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए बताया कि वसंत पंचमी प्रकृति के नवजीवन और ज्ञान के प्रकाश का पर्व है।
विद्यालय के आईटी विभाग प्रमुख योगेश अग्रवाल एवं उनकी टीम द्वारा नेताजी सुभाषचंद्र बोस की विवादास्पद मृत्यु पर आधारित एक लघु चलचित्र का प्रदर्शन किया गया, जिसे विद्यार्थियों ने बड़े ध्यानपूर्वक देखा। वंदना विभाग के निर्देशन में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सुजान सिंह ने सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए वीर हकीकत राय के बलिदान को भी स्मरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य विपिन शर्मा ने कहा कि माँ सरस्वती का आविर्भाव दिवस आत्मचेतना, सत्यबोध एवं आत्मविकास का संदेश देता है। इस अवसर पर प्राथमिक कक्षाओं के नवप्रवेशी बालक-बालिकाओं द्वारा लेखनी एवं पाटी पूजन भी संपन्न कराया गया, जिससे बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह एवं संस्कारों का भाव जागृत हुआ। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ।