नव-निर्वाचित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहली बार वृंदावन पहुंचे, योगी आदित्यनाथ ने किया भव्य स्वागत
25 January 2026, 14:36
794 views
General
None | Exclusive Bulletin
भारतीय जनता पार्टी के नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को अपने कार्यकाल के पहले दौरे पर वृंदावन पहुंचे। उनके आगमन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने माला व पटुका पहनाकर उनका जोशीला स्वागत किया।
इसके पश्चात नितिन नवीन अपने काफिले के साथ अक्षय पात्र परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात को गंभीरता से सुना। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को उनका लाभ दिलाने की अपील की। कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बांके बिहारी मंदिर पहुंचे। यहां मंदिर सेवायत आशु गोस्वामी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई और ठाकुर जी के अंगवस्त्र व प्रसाद भेंट किए। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर एवं आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरा इलाका छावनी में तब्दील नजर आया। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अपने काफिले के साथ भाजपा विधायक राजेश चौधरी के महोली रोड स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में विधायक की माता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष के पहले दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य वरिष्ठ नेताओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सुबह से ही अलर्ट मोड में रहा। मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, डीआईजी आगरा रेंज शैलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा एसएसपी श्लोक कुमार सुबह से ही बांके बिहारी मंदिर, अक्षय पात्र परिसर और आसपास के क्षेत्रों की व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, विधायक पुरन प्रकाश सिंह, विधायक मेघश्याम ठाकुर, विधायक राजेश चौधरी, एमएलसी योगेश नौहवार, जिला अध्यक्ष निर्भय पांडेय, महानगर अध्यक्ष राजू यादव, मंडल अध्यक्ष रानू वार्ष्णेय, महापौर विनोद अग्रवाल सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।