तेज़ रफ्तार सीवेज टैंकर बना काल, सास-बहू की दर्दनाक मौत, युवक गंभीर घायल
27 January 2026, 07:03
847 views
Crime
None | Exclusive Bulletin
वृंदावन थाना क्षेत्र में टैंकर चालकों की बेलगाम रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। सोमवार की सायं अद्धा पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत पानीगांव संपर्क मार्ग पर दारूक पार्किंग के समीप एक तेज़ रफ्तार और अनियंत्रित सीवेज टैंकर ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार सास और बहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मांट थाना क्षेत्र के गांव उसफार के नगला माना निवासी रवि अपनी सास मर्रो और पत्नी सुनीता के साथ बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वे वृंदावन पानीगांव मार्ग पर दारूक पार्किंग के पास पहुंचे, तभी सड़क पर असंतुलन होने से बाइक गिर गई। इसी दौरान तेज़ रफ्तार से गुजर रहे सीवेज टैंकर का पहिया दोनों महिलाओं के ऊपर से निकल गया, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही अद्धा चौकी प्रभारी कुलवीर सिंह तरार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल रवि को तत्काल सौ शैय्या अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने दोनों मृत महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके पर पहुंचे सीओ सदर पीतम पाल सिंह और थाना प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि टैंकर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में टैंकर की तेज़ रफ्तार और लापरवाही सामने आई है।
स्थानीय लोगों ने घटना के बाद प्रशासन पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि वृंदावन क्षेत्र में सीवेज और भारी वाहनों की तेज़ रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है। आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं, लेकिन न तो टैंकर चालकों पर सख्ती हो रही है और न ही स्पीड कंट्रोल को लेकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
इस हादसे ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अगर टैंकर चालकों की रफ्तार पर समय रहते लगाम नहीं लगी, तो ऐसे दर्दनाक हादसे आगे भी होते रहेंगे।