परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया
27 January 2026, 07:32
586 views
General
None | Exclusive Bulletin
वृन्दावन स्थित परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस भव्य, गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर संपूर्ण विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंगों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं भारत माता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके उपरांत अतिथियों एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
समारोह की अध्यक्षता नाभापीठ सुदामा कुटी के महंत अमरदास महाराज ने की। मुख्य अतिथि के रूप में आरएसएस के ब्रज प्रांत प्रचारक धर्मेन्द्र जी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय के पूर्व छात्र पवित्र कुमार दुबे (आईआरएस) उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया।
विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत समूह गान, देशभक्ति गीत, प्रेरणादायी भाषण, एकांकी नाटक एवं सामूहिक नृत्य जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग-बलिदान, संविधान की गरिमा तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रभावशाली संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के पश्चात विद्यालय के छात्रों द्वारा वृन्दावन नगर में पथ संचलन निकाला गया, जिसमें देशभक्ति से परिपूर्ण आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। नगरवासियों ने मार्ग के दोनों ओर खड़े होकर पुष्पवर्षा कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक शिवेन्द्र गौतम ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति संकल्प का प्रतीक है। कार्यक्रम में विद्यालय अध्यक्ष पदमनाभ गोस्वामी, कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल सहित विद्यालय परिवार के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।