बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में जनसुविधा विकास को गति, दूसरी रजिस्ट्री संपन्न
27 January 2026, 20:06
821 views
Religious
None | Exclusive Bulletin
वृन्दावन के श्री बांके बिहारी जी मंदिर के आस-पास जनसुविधाओं के विकास/निर्माण परियोजना के अंतर्गत मंगलवार को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा की उपस्थिति में भूमि की दूसरी रजिस्ट्री की प्रक्रिया विधिवत रूप से संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर विक्रेता मनीष मिश्रा, निवासी बिहारीपुरा वृन्दावन द्वारा 322.32 वर्ग मीटर भूमि का बैनामा ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के नाम तहसीलदार सदर के माध्यम से निष्पादित किया गया। उक्त भूमि का क्रय मूल्य ₹1,85,36,704/- (एक करोड़ पच्चासी लाख छत्तीस हजार सात सौ चार रुपये) निर्धारित किया गया है। कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि श्री बांके बिहारी जी मंदिर के आसपास जनसुविधाओं का विकास ब्रज क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन महत्व को और अधिक सुदृढ़ करेगा। सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि मंदिर क्षेत्र में जनसुविधाओं के विकास एवं निर्माण हेतु भूमि क्रय की समस्त प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता एवं विधिक मानकों के अनुरूप की जा रही है। परियोजना को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरी रजिस्ट्री का संपन्न होना इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना के क्रियान्वयन की दिशा में एक और ठोस कदम है, जिससे भविष्य में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। श्री बांके बिहारी जी मंदिर के आसपास भव्य और दिव्य जनसुविधाओं के विकास की दिशा में यह दूसरी रजिस्ट्री एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।