वृंदावन में विराट हिंदू सम्मेलन की तैयारियां तेज, घर-घर पहुंचा आमंत्रण
29 January 2026, 14:56
814 views
General
None | Exclusive Bulletin
धार्मिक नगरी वृंदावन के बड़ा रंगजी बगीचा में 8 फरवरी को समग्र हिन्दू चेतना समिति के तत्वावधान में आयोजित होने जा रहे विराट हिंदू सम्मेलन को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर भर में आमंत्रण पत्रों का वितरण अभियान शुरू कर दिया गया है।
अभियान के तहत संघ के जिला परियोजना प्रमुख शरद सैनी ने रमनरेती बस्ती में डोर-टू-डोर संपर्क कर लोगों को सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का आग्रह किया। शरद सैनी ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समस्त सनातन समाज को एक मंच पर एकत्र करने का प्रयास है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सनातन संस्कृति की एकता, संगठन और शक्ति का परिचय देते हुए विश्व पटल पर हिंदू धर्म की पताका को और अधिक सशक्त रूप से फहराना है। संघ कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे संपर्क से नगर में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। आमजन में सम्मेलन को लेकर विशेष उत्सुकता है और बड़ी संख्या में लोगों के सहभागिता का अनुमान लगाया जा रहा है। धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना को मजबूत करने वाला यह विराट हिंदू सम्मेलन वृंदावन की पावन भूमि पर सनातन एकता का संदेश देने का कार्य करेगा।