इस्कॉन मन्दिर के दान विभाग प्रमुख को गोली मारने की चेतावनी से हड़कंप
30 January 2026, 10:01
681 views
Crime
None | Exclusive Bulletin
वृन्दावन स्थित इस्कॉन मन्दिर के अतिथि गृह बुकिंग से जुड़ी आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर दान विभाग के प्रमुख राधा सखा दास को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह राधा सखा दास की गोली मारकर हत्या कर देगा।
इस धमकी को अत्यंत गंभीर, भय उत्पन्न करने वाला और जीवन के लिए सीधा खतरा माना जा रहा है। घटना ने न केवल राधा सखा दास की व्यक्तिगत सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न खड़ा किया है, बल्कि यह धमकी वृन्दावन के इस्कॉन मन्दिर की शांति, सुरक्षा और व्यवस्था को भी प्रभावित करने वाली बताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि इस्कॉन मन्दिर में प्रतिदिन देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु, पर्यटक और अतिथि दर्शन व प्रवास के लिए पहुंचते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस्कॉन के सीएफओ विष्णुनाम दास की तहरीर पर थाना प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच एसआई शुभांसु यादव को सौंप दी है। पुलिस कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। वहीं इस घटना के बाद श्रद्धालुओं और मन्दिर प्रशासन में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।