CEIR प्रणाली बनी श्रद्धालुओं के लिए वरदान, वृन्दावन पुलिस ने लौटाई सैकड़ों चेहरों की मुस्कान
2 February 2026, 22:00
880 views
Crime
None | Exclusive Bulletin
मथुरा जनपद में खोए हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए भारत सरकार की CEIR (Central Equipment Identity Register) प्रणाली आमजन के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है। इसी कड़ी में थाना वृन्दावन पुलिस ने हाल ही में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 250 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
वृन्दावन जैसे प्रमुख तीर्थ स्थल पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मोबाइल फोन खो जाना एक बड़ी परेशानी बन जाता है। लेकिन वृन्दावन पुलिस की सक्रियता और CEIR तकनीक के उपयोग से अब श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिल रही है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में CEIR कार्य को देख रहे मुख्य आरक्षी जिनेन्द्र यादव, रीतेश कुमार एवं आरक्षी नितिन की टीम ने जब दर्शनार्थ आए श्रद्धालुओं को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे, तो उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। मोबाइल हाथ में लेते ही कई श्रद्धालुओं के मुख से अनायास ही शब्द निकले। “Thank you UP Police, Thank you Mathura Police.”
मध्य प्रदेश के रायगढ़ निवासी जालम सिंह राधाष्टमी के मौके पर प्रेमानंद महाराज के दर्शन हेतु वृन्दावन आए थे। दर्शन के दौरान उनका मोबाइल फोन गुम हो गया। काफी खोजबीन के बाद जब मोबाइल नहीं मिला तो उन्होंने थाना वृन्दावन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने CEIR प्रणाली के माध्यम से मोबाइल को ट्रैक कर बरामद किया और जालम सिंह को सुपुर्द कर दिया। इसी तरह कैलाश नगर निवासी राहुल चौधरी का दिसंबर माह में गुम हुआ कीमती मोबाइल फोन भी CEIR प्रणाली की मदद से खोज निकाला गया और उन्हें वापस सौंपा गया।
CEIR प्रणाली के माध्यम से खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को उसके IMEI नंबर के आधार पर ब्लॉक एवं ट्रैक किया जाता है, जिससे न केवल मोबाइल मिलने की संभावना बढ़ जाती है बल्कि उसका दुरुपयोग भी रोका जा सकता है।
वृन्दावन पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तुरंत नजदीकी थाना या CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते मोबाइल को ब्लॉक कर उसकी बरामदगी सुनिश्चित की जा सके। वृन्दावन पुलिस की यह पहल न केवल तकनीक के प्रभावी उपयोग का उदाहरण है, बल्कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास को भी और मजबूत कर रही है।