लक्ष्मण शहीद में धूमधाम से मना बाबा अवध दास का 89वां निकुंज प्रवेश महोत्सव
5 February 2026, 21:39
514 views
Religious
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन में श्रीमद् भागवत के विद्वान संत बाबा अवध दास महाराज का 89वां निकुंज लीला प्रवेश महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्रज भूमि कल्याण परिषद के तत्वावधान में किया गया।
महोत्सव का शुभारंभ बाबा अवध दास महाराज के चित्रपट पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तिमय भजनों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। कार्यक्रम में संत-महंतों, भागवत आचार्यों, विद्वानों एवं नगर के प्रमुख नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर बाबा महाराज के शिष्य पंडित बिहारीलाल वशिष्ठ ने कहा कि बाबा अवध दास महाराज का संपूर्ण जीवन ब्रज संस्कृति, भागवत सेवा और धर्म प्रचार को समर्पित रहा। उन्होंने अपनी साधना, विचारों और आचरण से असंख्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्ग दिखाया। उनके सिद्धांत आज भी समाज को दिशा प्रदान कर रहे हैं।
संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए भक्ति वेदांत मधुसूदन महाराज ने कहा कि बाबा अवध दास महाराज ब्रज के उन महान संतों में से थे, जिन्होंने भक्ति और ज्ञान के माध्यम से समाज को सही मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि ऐसे संतों का जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जयपुर से पधारे दीपक महाराज उपस्थित रहे। वहीं महंत हेमकांत शरण देवाचार्य, गोपाल भैया एवं आचार्य रामविलास चतुर्वेदी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। महोत्सव के दौरान संतों के प्रवचन, भागवत पाठ एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर आचार्य रामानंद मिश्रा, स्वामी अनंताचार्य महाराज, आचार्य सुरेश शास्त्री महाराज, महामंडलेश्वर आदित्य आनंद महाराज, रामदास महाराज, बाबा कर्मयोगी, डॉ. चंद्र प्रकाश, महंत लक्ष्मी नारायण एवं अनमोल शास्त्री सहित अनेक संत, विद्वान और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बाबा अवध दास महाराज के स्मरण और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।