यमुना एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा : बस में पीछे से कंटेनर की टक्कर, 6 यात्रियों की मौत, 1 घायल
7 February 2026, 10:36
536 views
Crime
मथुरा | विकास अग्रवाल
शनिवार को मथुरा जनपद के थाना सुरीर क्षेत्रांतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर माइल स्टोन 88 के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। दिल्ली से कानपुर देहात जा रही एक बस एक्सप्रेस-वे किनारे खड़ी थी, तभी पीछे से आ रहे डीसीएम (कंटेनर) ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस साइड में खड़ी थी और यात्री शौचालय आदि के लिए बस से बाहर खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर ने नियंत्रण खोते हुए बस को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायल यात्री का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि घायल को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस दुर्घटना में घायल यात्री की पहचान 46 वर्षीय शिवकान्त दुबे पुत्र अमरकान्त दुबे निवासी बेला, जनपद औरैया के रूप में हुई है, जिनका जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों की पहचान सोनू (32) पुत्र विनोद, निवासी एरवा कटरा, जिला औरैया, देवेश (32) पुत्र राम सिंह, निवासी ग्राम भेलबल, पोस्ट कोठवा, जिला बस्ती, असलम (27) पुत्र बशरूद्दीन, निवासी गड़े का पुरवा, जिला कन्नौज, संतोष (46) पुत्र रामवीर, निवासी प्रेमनगर, दिल्ली,अनुराग (27) पुत्र आनंद, निवासी ग्राम कंचौसी, थाना दिबियापुर, जिला औरैया और प्रमोद (35) पुत्र साधू सिंह, निवासी बड़गांव, थाना जसराना, जिला फिरोजाबाद के रूप में की गई है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।