वृंदावन की बिजली से खिलवाड़! 33 केवी लाइनों को नुकसान, सिंचाई विभाग के JE-AE पर आरोप
9 February 2026, 22:50
581 views
General
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
वृंदावन की विद्युत आपूर्ति को जानबूझकर बाधित करने का मामला सामने आया है। विद्युत विभाग के एसडीओ संदीप वार्ष्णेय ने सिंचाई विभाग के जेई और सहायक अभियंता (AE) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने बिना अनुमति और समन्वय के 220 केवी भरतिया सब स्टेशन से आने वाले 33 केवी फीडरों के नीचे खुदाई कराकर लाइनों को डेमेज करा दिया। विद्युत विभाग के अनुसार चैतन्य विहार/रुक्मणि विहार तथा छटीकरा बिजलीघर को सप्लाई देने वाली 33 केवी लाइनों के ठीक नीचे की गई इस खुदाई से केबिल को सीधा नुकसान पहुँचा है। इससे कभी भी बड़ा फॉल्ट हो सकता है, जिससे वृंदावन की बिजली आपूर्ति ठप पड़ने का खतरा मंडरा रहा है। उनका कहना है कि यह लापरवाही नहीं बल्कि जानबूझकर की गई कार्रवाई प्रतीत होती है, क्योंकि इतनी संवेदनशील विद्युत लाइनों के नीचे खुदाई से पहले विद्युत विभाग से कोई अनुमति या सूचना नहीं ली गई। यदि समय रहते आपूर्ति बाधित होती है तो इसका सीधा असर मंदिरों, आश्रमों, श्रद्धालुओं, व्यापारियों और आम नागरिकों पर पड़ेगा। विद्युत विभाग ने मामले को गंभीर बताते हुए उच्च स्तर पर शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में विद्युत आपूर्ति बाधित होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। फिलहाल क्षतिग्रस्त लाइनों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है और आपात मरम्मत की तैयारी की जा रही है, लेकिन सवाल यह है कि वृंदावन जैसे संवेदनशील धार्मिक नगरी की बिजली से इस तरह खिलवाड़ करने वालों पर कब कार्रवाई होगी? इस सम्बन्ध में सिंचाई विभाग के जेई से संपर्क करने पर उनसे बात नहीं हो सकी है।