एक फैसला, पाँच ज़िंदगियाँ खत्म : खप्परपुर की दिल दहला देने वाली सुबह
10 February 2026, 11:47
595 views
Crime
मथुरा | विकास अग्रवाल
महावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खप्परपुर में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहाँ एक ही परिवार के पाँच लोगों ने कथित तौर पर ज़हर खा लिया। इस दर्दनाक घटना में पति-पत्नी सहित तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना मिलते ही महावन थाना पुलिस मौके पर पहुँची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी आगरा शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी सी पी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार भी घटनास्थल पर पहुँचे और हालात का निरीक्षण किया। सूत्रों कि मानें तो पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से पहले परिवार द्वारा एक सुसाइड नोट लिखा गया था। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की ठोस वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सुसाइड नोट की गहनता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मृतकों के नाम 35 वर्षीय मनीष, पत्नी सीमा, दो बेटियां हनी और प्रियांशी और दो वर्षीय बेटा पंकज बताया गया है। पुलिस के अनुसार घर के अंदर दीवार पर लिखा है कि अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं। ग्रामीणों के अनुसार मृतक परिवार शांत स्वभाव का था और किसी से कोई विवाद भी सामने नहीं आया था, जिससे यह घटना सभी के लिए चौंकाने वाली है। वहीं चर्चा यह भी है कि परिजनों ने हाल ही में एक प्लाट बेचा था, हालांकि पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।