बांके बिहारी के धाम में चोरों के गिरोह पर वृंदावन पुलिस की करारी चोट, चार महिलाओं सहित आठ शातिर गिरफ्तार
12 February 2026, 21:19
750 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले शातिर चोर गिरोह पर वृंदावन पुलिस ने बड़ी और सराहनीय कार्रवाई की है। मंदिर परिसर में महिला श्रद्धालु के बैग से सोने के कीमती आभूषण और 50 हजार रुपये की नगदी चोरी करने वाले संगठित गिरोह को पुलिस ने माल सहित धर दबोचा। इस गिरोह में चार महिलाएं भी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पंजाब के मुक्तसर निवासी राघव गोयल की माता के बैग से महिला चोरों के एक गिरोह ने बड़ी सफाई से आभूषण व नगदी पार कर दी। चोरी का अहसास होते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल मंदिर सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया। वृंदावन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मंदिर परिसर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की। फुटेज के विश्लेषण के बाद संदिग्धों की पहचान की गई और उनकी तलाश तेज कर दी गई।
पुलिस ने सूझबूझ और रणनीति के तहत घेराबंदी कर श्रोतमुनि आश्रम से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले कच्चे मार्ग के समीप से चार महिला सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी ई गई दो सोने कि अंगूठी और 50 हज़ार रुपये की नगदी भी बरामद कर ली है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम कुंदन मंडल, राजीव मंडल, गणेश मंडल और अरमान वेद बताए हैं। गिरोह में शामिल चारों महिलाओं को भी पुलिस हिरासत में लिया गया है। पकडे गये आरोपियों में से तीन पुरुष और तीन महिला बिहार प्रान्त के कटिहार के निवासी हैं तथा एक महिला पुरुष पश्चिम बंगाल के वर्धमान के रहने वाले हैं। इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय के साथ निरीक्षक अपराध धर्मेंद्र कुमार तेवतिया, एसएसआई अभय कुमार शर्मा, चौकी प्रभारी मथुरा गेट अरुण कुमार त्यागी, हेड कांस्टेबल जिनेन्द्र कुमार, रितेश कुमार एवं सुनील कुमार शामिल रहे। वृंदावन पुलिस की इस त्वरित, सटीक और प्रभावी कार्रवाई से न केवल चोरी की घटना का सफल खुलासा हुआ है, बल्कि अपराधियों के मन में कानून का भय भी स्थापित हुआ है।